JAMUI:आसन्न पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज।

जमुई ब्यूरो बिकास पाण्डेय/उपेन्द्र तिवारी।

जमुई (बिहार) आसन्न पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसके मद्देनजर 03 जुलाई को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला पदाधिकारी जमुई- सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आसन्न पंचायत आम चुनाव 2021 के सफल निष्पादन हेतु गठित विभिन्न कोषांगो के नोडल पदाधिकारियों एवं वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। इस बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी -सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) जमुई, अवनीश कुमार सिंह के द्वारा सभी कोषांगो के संबंधित पदाधिकारियों को आसन्न पंचायत आम चुनाव 2021 से संबंधित तैयारियां एवं कार्यों के ससमय निष्पादन हेतु कई दिशा निर्देश दिए गए।

साथ ही आसन्न पंचायत आम निर्वाचन 2021 के निर्वाचन संबंधित कार्यों के सफलतापूर्वक निष्पादन हेतु मानव प्रबंधन कोषांग, ईवीएम कोषांग, वाहन प्रबंधन कोषांग, सामग्री कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, विधि व्यवस्था कोषांग समय कई अन्य कोषांगों का गठन कर कार्यों के निर्वाचन को ससमय एवं सफलतापूर्वक संपादन हेतु कई वरीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि संभवतः बिहार में पंचायत चुनाव 29 अगस्त से 3 नवंबर 2021 तक संपन्न होने की संभावना है तथा जमुई जिले में कुल 8 चरणों में मतदाताओं द्वारा वोट डाले जाएंगे। श्री सिंह के अनुसार जमुई जिले में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित करने हेतु मास्टर ट्रेनरों की कुल 30 टीमें बनाई गई है। 12 मतदान केंद्रों पर एक सेक्टर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था के तहत वार्ड पार्षद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य का चुनाव ईवीएम के m2 मॉडल से संपादित होने की संभावना है तथा पंच एवं सरपंच का निर्वाचन बैलेट बॉक्स से संपादित होने की संभावना है। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल , अनुमंडल पदाधिकारी प्रतिभा रानी , जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी जमुई प्रतिभा कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here