ब्यूरो बिकास पांडेय
बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सह विधि मंत्री नितिन नवीन ने जमुई व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता संघ भवन के समीप दिवंगत केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। विधायक एवं स्व. सिंह की पुत्री श्रेयसी सिंह , जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष शर्मा चंद्रेश्वर उपाध्याय , महासचिव अमित कुमार , भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया कुमार सिंह , वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम सिंह , धीरेन्द्र कुमार सिंह , नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता , टाउन प्लानर स्नेहल अंशु समेत कई पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित होकर प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किया। इस अवसर पर मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि अभिभावक दिवंगत दिग्विजय सिंह अपना जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया उन्होंने देश के विकास में खास भूमिका निभाई। हमें उनपर गर्व है।
उन्होंने आगे कहा कि यह मूर्ति हमारी विरासत है और हमें इन्हें संजोना है। दिवंगत केंद्रीय मंत्री से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। साथ ही विशेष अवसरों पर प्रतिमा स्थल पर उनकी याद में कार्यक्रम आयोजित किया जाए ताकि लोग उन्हें आत्मसात कर सकें। मंत्री ने उन्हें प्रणाम निवेदित किया।जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष शर्मा चंद्रेश्वर उपाध्याय ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि वे जोश , जुनून और जज्बा वाले राजनेता थे। राजनीतिक जीवन में उन्होंने जो उपलब्धियों का कीर्तिमान स्थापित किया वह अनुकरणीय है। श्री शर्मा ने उन्हें भाव-भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।महासचिव अमित कुमार ने अभ्यागतों के आगमन को गरिमामयी क्षण करार देते हुए कहा कि दिवंगत दिग्विजय बाबू जमुई नहीं पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भी उन्हें नमन किया। श्री कुमार ने इस अवसर पर मंत्री जी से पार्किंग में ईंट सोलिंग का कार्य कराए जाने के लिए राशि की मांग की जिसे उन्होंने नियम संगत ढंग से पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। इस दरम्यान महासचिव मंत्री जी को परिसर में हॉल निर्माण की संचिका के विधि विभाग में लंबित रहने की जानकारी दी।